एसपी भोजराम पटेल के नेतृत्व में 72 घंटे से पहले जैतस्तंभ आगजनी का हुआ खुलासा…
सलाखों के पीछे पहुँचा आरोपी…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने की किसी भी कोशिश को मुंगेली पुलिस ने सख्ती से कुचलते हुए ग्राम झझपुरी में जैतस्तंभ (जैतखाम) को जलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। यह त्वरित और प्रभावी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के सशक्त निर्देशन में संभव हो पाई। दिनांक 16–17 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि थाना लोरमी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम झझपुरी के ठाकुर देव चौक स्थित जैतखाम में अज्ञात व्यक्ति द्वारा आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया था। सूचना मिलते ही एसपी भोजराम पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, एसडीओपी नवनीत पाटिल एवं एसडीओपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीमों का गठन कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक जांच, आसपास के लोगों के कथन और सीसीटीवी फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण के आधार पर संदेही की पहचान की गई। मेडिकल दुकान में लगे कैमरों में कैद संदिग्ध गतिविधियों और ग्रामीणों की पहचान के आधार पर आरोपी राजेश साहू, निवासी झझपुरी कला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने जयंती कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद से क्षुब्ध होकर धार्मिक स्थल को जलाने की स्वीकारोक्ति की। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मिट्टी तेल (केरोसिन), माचिस एवं चेहरा छुपाने में उपयोग किए गए कपड़े जप्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 18/26 धारा 298, 326(जी) बीएनएस के तहत विधिवत कार्यवाही कर 20 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
उल्लेखनीय है कि सतनामी समाज द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी की गिरफ्तारी हेतु 03 दिवस की समय-सीमा दी गई थी, जिसे मुंगेली पुलिस ने समय-सीमा से पहले ही पूरा कर कानून के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और तत्परता का परिचय दिया।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा तथा समाज में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव (प्रभारी थाना लोरमी), निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (सायबर सेल), निरीक्षक रघुवीर चन्द्रा, उप निरीक्षक अमित गुप्ता, उप निरीक्षक सुन्दर लाल गोरले, उप निरीक्षक सतेंद्रपुरी गोस्वामी सहित समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

