बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान योजनाबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से सड़क सुरक्षा को लेकर बहुआयामी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, शहर को सुव्यवस्थित सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था देने की दिशा में पुलिस प्रशासन की अभिनव पहल रंग लाती नजर आ रही है। ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन बनाने के अभियान में जागरूक नागरिकों का विशेष सहयोग मिल रहा है, जिससे शहर में यातायात अनुशासन की नई मिसाल कायम हो रही है।
भूतल एवं सड़क परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुलिस मुख्यालय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में जिले में 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान योजनाबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से सड़क सुरक्षा को लेकर बहुआयामी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, साथ ही यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्त और प्रभावी कार्यवाही भी निरंतर की जा रही है।

इसी क्रम में शहर को विभिन्न पूर्व निर्धारित सेक्टरों में विभाजित कर उन्हें पूर्णतः ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। आज पूर्व में घोषित तीन सेक्टरों के अतिरिक्त नया सेक्टर सत्यम चौक से मगरपारा चौक तक घोषित किया गया, जहां अतिक्रमण कर फुटपाथ और सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने वाले दुकानदारों को तत्काल अतिक्रमण हटाने का सख्त संदेश दिया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे बैनर, पोस्टर, फ्लेक्सी एवं अन्य विज्ञापन बोर्ड जप्त कर नष्टीकरण की कार्यवाही की गई। साथ ही सभी दुकान संचालकों एवं व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने तथा ग्राहकों के वाहनों को दुकान के सामने अनाधिकृत रूप से खड़ा न करें।

सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण कर अवरुद्ध या संकीर्ण करने की स्थिति में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त से सख्त कार्यवाही किए जाने की चेतावनी भी दी गई। नियमों की अनदेखी करने वालों पर अन्य विधिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
आज के इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिवचरण परिहार, यातायात अधिकारी पी. लू मंडावी तथा नगर निगम स्टाफ की भूमिका सराहनीय एवं उल्लेखनीय रही।

पुलिस प्रशासन की इस सख्त लेकिन जनहितैषी पहल से शहर को जल्द ही ट्रेफिक वायलेशन फ्री और सुरक्षित यातायात व्यवस्था वाला आदर्श शहर बनाने की उम्मीद प्रबल हो गई है।

