बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। चिंगराजपारा क्षेत्र में गांजा बेच रही एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार कर पुलिस ने 1 किलो 500 ग्राम गांजा तथा नगद ₹300 बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग ₹1.40 लाख बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपिया की पहचान चंदा बाई राजपूत (58 वर्ष) निवासी लक्ष्मी चौक, चिंगराजपारा, थाना सरकंडा के रूप में हुई है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रिकांडो अटल आवास के पीछे घेराबंदी कर दबिश दी, जहां महिला अवैध रूप से गांजा बेचते हुए पकड़ी गई।
तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद होने पर अप.क्र. 137/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन और भंडारण में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनहित न्यूज़ का संदेश…
नशा सिर्फ अपराध नहीं… समाज के भविष्य पर हमला है। जागरूक बनें सूचना दें और सुरक्षित बिलासपुर के निर्माण में सहयोग करें।

