निःशुल्क प्रवेश होने के कारण बड़ी संख्या में शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी विभिन स्टालों में उमड़ा जनसमूह…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जब स्थानीय व्यापार सशक्त होता है, तभी शहर, जिला और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलती है।इसी मूल भावना और आत्मनिर्भर भारत के संदेश के साथ साइंस कॉलेज मैदान, सरकंडा में बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 का भव्य आयोजन किया गया है। 25 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाता यह मेला अब केवल खरीद–फरोख्त का केंद्र नहीं रहा, बल्कि उद्यमिता, नवाचार, रोजगार सृजन और सामाजिक चेतना का प्रभावशाली मंच बनकर उभरा है।
बीएनआई द्वारा आयोजित इस व्यापार एवं उद्योग मेले का यह तीसरा वर्ष है, जो 29 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक संचालित हो रहा है। निःशुल्क प्रवेश होने के कारण बड़ी संख्या में शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी लोग मेले में पहुँच रहे हैं। छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई और बड़े उद्योगों को एक ही छत के नीचे जोड़ते हुए यह आयोजन व्यापारिक आत्मविश्वास को नई ऊर्जा दे रहा है।

मेले के दूसरे दिन आयोजित मुख्य कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष सतीश थौरानी, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष भागचंद बजाज, पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी सहित निकेश बरडिया, चेतन तारवानी, रचरण सिंह साहनी, राजेश वासवानी, राधाकिशन सुंदरानी एवं जसप्रीत सिंह सलूजा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यापारियों से संवाद किया और मेले की व्यापकता की सराहना की।

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गांधी मजबूरी नहीं, मजबूती का नाम है। विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आधारशिला ग्रुप के डायरेक्टर अजय श्रीवास्तव, डॉ. किरण पाल सिंह चावला सहित अन्य वक्ताओं ने गांधीजी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आज के संदर्भ में रेखांकित किया। आधारशिला न्यू सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और प्रेरणादायी बनाया।

मेले के दूसरे दिन की शुरुआत सद्भावना मैराथन से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर सामाजिक एकता, भाईचारे और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। बीएनआई मेला अपनी विविधता के लिए भी खास है।यहाँ घरेलू उत्पादों से लेकर जेसीबी जैसी भारी मशीनरी, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, शिक्षा, हेल्थकेयर, फाइनेंस और टेक्नोलॉजी से जुड़े स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं 100 से अधिक फूड स्टॉलों पर विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेने उमड़ रही भीड़ मेले की लोकप्रियता को दर्शा रही है।
व्यापारियों का सम्मान
छत्तीसगढ़ के 33 जिलों से आए 50 चयनित व्यापारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न सम्मान से नवाजा गया। अतिथियों ने इस जनहितकारी और व्यापारोन्मुखी आयोजन के लिए बीएनआई परिवार को बधाई देते हुए इसे प्रदेश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बताया।

विधायक धर्मजीत सिंह का वक्तव्य
तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला केवल व्यापार का मंच नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभा, उद्यमिता और रोजगार को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से छोटे व्यापारियों और स्टार्टअप्स को नई पहचान मिलती है तथा आत्मनिर्भर भारत की सोच को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलती है।

विधायक अटल श्रीवास्तव का वक्तव्य
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि 25 वर्ष पहले हरिश केडिया द्वारा शुरू किया गया यह मेला आज नई ऊँचाइयों को छू रहा है और आगे भी डॉ. किरण पाल सिंह चावला व बीएनआई परिवार के प्रयासों से निरंतर प्रगति करता रहेगा। यह आयोजन युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित कर रोजगार के नए अवसरों का सृजन कर रहा है।

बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 आज छत्तीसगढ़ के आर्थिक भविष्य की झलक बन चुका है।जहाँ परंपरा, प्रगति और आत्मनिर्भरता एक साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।

