पुरानी रंजिश के चलते हत्या के दो आरोपी 24 घंटे में हथियार सहित गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पचरी घाट डैम के पास घटित एक सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते की गई इस वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी पुलिस ने जप्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
प्रार्थी द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 30 जनवरी 2026 को शाम करीब 7:30 बजे आरोपी मृतक के पास पहुँचे और पूर्व विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे मृतक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची, आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया तथा पूछताछ के दौरान अहम साक्ष्य जुटाए गए। घटना में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया गया है।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी..
विकास तिवारी, पिता अशोक तिवारी, उम्र 28 वर्ष, निवासी शनिचरी बाजार, बिलासा चौक, थाना सिटी कोतवाली।
शैलेंद्र प्रजापति, पिता रामराखन प्रजापति, उम्र 25 वर्ष, निवासी रामायण चौक, चांटीडीह, थाना सरकंडा।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना गंभीरता से जारी है और अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

