रतनपुर पुलिस की मुस्तैदी से लूटकांड का हुआ खुलासा चार आरोपी गिरफ्तार…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नेशनल हाईवे-130 पर बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर रतनपुर पुलिस ने कड़ा प्रहार करते हुए हाईवे किंग ढाबा के पास हुई लूट की वारदात का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए वाहन, मोबाइल फोन और नकदी की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।
थाना रतनपुर से मिली जानकारी के अनुसार 1 फरवरी 2026 को विजय कुमार राज अपने तीन महिला रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से मेला देखकर लौट रहे थे। रास्ते में रतनपुर के पास हाईवे किनारे वाहन रोकने पर दो कारों में सवार चार युवकों ने उनके साथ मारपीट कर कार, तीन मोबाइल फोन और लगभग आठ हजार रुपये लूट लिए थे। मामले की सूचना मिलते ही अपराध क्रमांक 76/26 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जिला कोरिया और अंबिकापुर क्षेत्र से चारों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले कथित रूप से तंत्र विद्या के नाम पर ठगे गए पैसों को लेकर नाराज थे और इसी रंजिश में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन, आठ हजार रुपये नकद के अलावा घटना में प्रयुक्त दो अन्य कारें और चार मोबाइल फोन जब्त किए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि झाड़-फूंक या तंत्र विद्या के नाम पर लोगों को गुमराह कर पैसे ऐंठने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी:-
विद्यादास महंत जिला सरगुजा
रामसुंदर जिला कोरिया
राजीव कुमार सिंह जिला कोरिया
गुलशन कुजुर जिला कोरिया
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय सहित पुलिस टीम के कई सदस्यों की अहम भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से नेशनल हाईवे पर अपराध करने वालों में साफ संदेश गया है कि कानून से बच पाना आसान नहीं है।

