हाईटेक नशे की तस्करी पर करारा प्रहार…34 ग्राम हेरोइन के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार….
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना चकरभाठा पुलिस एवं एसीसीयू (ACCU) बिलासपुर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। यह कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश एवं सतत निगरानी में अंजाम दी गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर हिंर्री माइंस–तिलक नगर क्षेत्र में घूम रहे हैं और नशेड़ियों को बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से नशीला पदार्थ लाकर मोहित हिंदूजा को देता था और वह अपने साथी आर. रजिंदर कुमार के साथ मिलकर ऊंचे दामों पर इसकी बिक्री करता था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है।

गिरफ्तार आरोपी:-
मोहित हिंदूजा, पिता टीकम दास, उम्र 32 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड नं. 07
करन दीप सिंह, पिता सुखविंदर सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड नं. 12
आर. रजिंदर कुमार, पिता मुख्तियार लाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खेमकरण, जिला तरनतारन (पंजाब)
इसी अभियान के तहत बीते तीन दिनों में जिलेभर में एनडीपीएस एक्ट के सात प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1300 नशीली टैबलेट, 400 एमएल एविल इंजेक्शन और 02 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया है।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी हालत में पनपने नहीं दिया जाएगा। एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में एसीसीयू और थाना चकरभाठा पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

