सिंधु भवन तोरवा में हुआ विशेष कार्यक्रम नियमित उपभोक्ताओं का किया गया सम्मान…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) नगर संभाग–1 (पूर्व), बिलासपुर द्वारा 02 फरवरी 2026 को सिंधु भवन, तोरवा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर नियमित एवं अनुशासित विद्युत उपयोग करने वाले चयनित उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान विद्युत विभाग की विगत 25 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, सेवा प्रणाली में किए गए सुधार, लाइन लॉस में कमी, उपभोक्ता सुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों को दी गई।

कार्यक्रम में एकल बत्ती, घरेलू, गैर-घरेलू, कृषि तथा सोलर कनेक्शन श्रेणी के उपभोक्ताओं को उत्कृष्ट सेवा और अनुशासित विद्युत उपयोग के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित अन्य उपभोक्ता हितैषी योजनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष दीपक ठाकुर, राकेश लालवानी (मंडल अध्यक्ष), आशुतोष शर्मा (मंडल अध्यक्ष), लक्ष्मी यादव (पार्षद), कविता सुब्रतदता (पार्षद), विजय ताम्रकर (MIC सदस्य), प्रवीण सेन गुप्ता (मंडल प्रभारी), मोती गंगवानी (पार्षद), केसरी सुंदर सिंह (पार्षद), पुष्पेंद्र साहू (पार्षद), इब्राहिम खान अब्दुल (पार्षद) तथा लक्ष्मी कृष्णा रजक (पार्षद) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पी. श्रीनिवास राजू (अधीक्षण यंत्री), हेमंत कुमार चंद्रा (कार्यपालन यंत्री), चंद्रेश कुमार पाटकर (सहायक यंत्री), रवि ध्रुव (सहायक यंत्री), नंदिनी आदिल, वर्षा सोनी, डिप्टेन मुखर्जी (सभी सहायक यंत्री) सहित नगर संभाग 1 (पूर्व) के समस्त कनिष्ठ यंत्री एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को विद्युत सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा रजत जयंती के अवसर पर विभाग की उपलब्धियों से जनसामान्य को अवगत कराना रहा।


