पांचवें दिन सामाजिक सरोकार नवाचार और युवाओं के भविष्य को समर्पित…!
सत्ता-विपक्ष दोनों ने की भव्य आयोजन की सराहना…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेले के पांचवें दिन सामाजिक सरोकार, नवाचार और युवाओं के भविष्य को समर्पित कार्यक्रमों ने आयोजन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। रोजगार मेला और शार्क टैंक कार्यक्रम इस दिन के प्रमुख आकर्षण रहे, जहां बड़ी संख्या में युवाओं, उद्यमियों और शहरवासियों की मौजूदगी ने मेले की लोकप्रियता और सार्थकता को साबित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि व्यापार मेले के माध्यम से राष्ट्रहित में कार्य कर रहे विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ना अपने-आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बीएनआई की सामाजिक सोच की सराहना करते हुए कहा कि दृष्टिबाधित बच्चों को मंच देना और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आयोजकों की संवेदनशीलता को दर्शाता है। ऐसे आयोजन न केवल व्यापार को गति देते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन भी लाते हैं।

इस अवसर पर मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, पामगढ़ विधायक डॉ. शेषराज हरवंश, आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रमोद जायसवाल, क्रेडाई अध्यक्ष सुशील पटेरिया, विजय केशरवानी, सिद्धांशु मिश्रा, मनीष सखूजा, राजेन्द्र सिंह, अजय श्रीवास्तव, डॉ. कमलेश मौर्य, मेला संयोजक गणेश अग्रवाल तथा बीएनआई अध्यक्ष किरणपाल सिंह चावला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रोजगार मेला बना युवाओं के लिए उम्मीद की किरण बीएनआई व्यापार मेले के अंतर्गत आयोजित रोजगार मेला युवाओं के लिए सुनहरा अवसर साबित हुआ। नाइसटेक कम्प्यूटर के डायरेक्टर रविंद्र प्रताप के मार्गदर्शन में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस मेले में 380 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
करीब 60 नियोक्ताओं से प्रतिभागियों का संपर्क हुआ, जिनमें से 38 कंपनियों ने प्रत्यक्ष इंटरव्यू लिए। युवाओं के लिए 460 से अधिक रिक्तियां उपलब्ध कराई गईं।

टैली एजुकेशन की दिव्या गणेशा और NIIT यूनिवर्सिटी के विकास पांडेय सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि बड़ी संख्या में प्रतिभागियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए बुलाया गया है।
शार्क टैंक में उभरे नए स्टार्टअप आइडिया
मेले में आयोजित शार्क टैंक कार्यक्रम ने नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मजबूती दी। अनिल मुंदड़ा, सनफ्लावर के डायरेक्टर अमित अग्रवाल, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष डॉ. नवदीप सिंह अरोरा और स्वस्तिक इंफ्रा के विशाल शेरवानी निवेशक के रूप में शामिल हुए।

प्रतियोगिता में कॉमिक्स ग्रुप से टिनू निभानी प्रथम रहे, जबकि सुकन्या भारत कुमार, हर्ष अग्रवाल और पार्थ कुमार द्वितीय स्थान पर तथा अर्पित शुक्ला तृतीय रहे। सर्वज्ञता फाउंडेशन के कपिल सचदेव को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम ने युवाओं को अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत करने और निवेश से जुड़ने का सशक्त मंच दिया।

ग्वालियर मेले की याद दिलाता आयोजन
कलेक्टर कार्यक्रम में उपस्थित कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मेले में उमड़ी भीड़ को देखकर कहा कि यह आयोजन उन्हें भारत-प्रसिद्ध ग्वालियर मेले की याद दिलाता है। उन्होंने आयोजन समिति को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करते हैं।

सत्ता और विपक्ष दोनों की एक-सी राय
पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने कहा कि बीएनआई व्यापार मेला केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास का सशक्त माध्यम बन चुका है। अध्यक्ष किरणपाल सिंह चावला के नेतृत्व में मेले को नई ऊर्जा मिली है। रोजगार मेला युवाओं के भविष्य को संवार रहा है, वहीं शार्क टैंक नवाचार को प्रोत्साहन दे रहा है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि यह मेला जनसरोकार से जुड़ा आयोजन है, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता देखने को मिल रही है। ट्रैफिक नियमों के पालन और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस प्रशासन आयोजन समिति के साथ समन्वय में सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है।

आज अंतिम दिन सांस्कृतिक रंग में रंगेगा मेला मेले के अंतिम दिन इस्कॉन द्वारा संकीर्तन, आर्ट ऑफ लिविंग की भजन संध्या, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्वाभिमान सम्मान और लाइफटाइम सेवा पुरस्कार जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेला इस बार राजनीति से ऊपर उठकर विकास, रोजगार और नवाचार का साझा मंच बनकर उभरा है।जहां सत्ता और विपक्ष दोनों ने एक स्वर में इसकी सराहना की है।

