ठेका कंपनी को नोटिस होटल संचालक पर 5,000 का ठोंका जुर्माना…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर तिफरा स्थित हाईटेक बस स्टैंड का आज नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था में गंभीर खामियां पाए जाने पर ठेका कंपनी लायंस सर्विसेस को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए, वहीं गंदगी फैलाने पर रैन बसेरा धर्मशाला नामक होटल के संचालक मेघराज सिंह ठाकुर पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया।
निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने बस स्टैंड परिसर में फैली गंदगी और सफाई कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए ठेका कंपनी के प्रतिनिधि एवं सफाई निरीक्षक को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुविधा और स्वच्छता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

बस स्टैंड के समीप स्थित होटल द्वारा सड़क व आसपास कचरा फैलाए जाने पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उक्त होटल को पहले भी नोटिस और समझाइश दी जा चुकी थी, इसके बावजूद अव्यवस्था बरकरार थी।

निगम कमिश्नर ने पूरे परिसर का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टिकट काउंटर बंद पाए जाने और सामने टेबल-कुर्सी रखे होने पर बस संचालकों को तत्काल हटाने तथा काउंटर हमेशा खुले और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुलभ शौचालय का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा परिसर में अव्यवस्थित ढंग से खड़ी कंडम बसों को हटाने के आदेश दिए गए, ताकि बस स्टैंड सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके। निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।

