12वीं के छात्रों को 11वीं के छात्रों द्वारा भावनाओं सम्मान और संस्कृति के साथ विदाई भव्य समारोह सम्पन्न …!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में आज कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कक्षा 11वीं द्वारा पारंपरिक उत्साह, लगन और मेहनत के साथ विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम न केवल यादगार रहा, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि को सम्मानपूर्वक विदा देने का साक्षी भी बना।

समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं ड्रीमलैंड स्कूल की फाउंडर स्वर्गीय श्रीमती नीलिमा सरकार के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।

यह पावन कार्य विद्यालय की वर्तमान प्रिंसिपल श्रीमती निवेदिता सरकार एवं वाइस प्रिंसिपल श्रीमती तपोषी सरकार के करकमलों से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ अत्यंत आकर्षक रहीं। मनोरंजक और अनोखे खेलों में कक्षा 12वीं के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पुरस्कार भी अर्जित किए। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।




मिस्टर ड्रीमलैंड अभिनव गौड़ा
मिस ड्रीमलैंड स्नेहा साहू
बेस्ट ड्रेस अप न्यौनिका सरकार
बेस्ट स्माइल सौभाग्य मिश्रा एवं सौम्य
बेस्ट हेयर अनन्या राठौर
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।

अपने आशीर्वाद वचनों में प्रिंसिपल श्रीमती निवेदिता सरकार ने छात्रों को माता-पिता एवं बड़ों का सम्मान करने, सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा धैर्य और जुनून के साथ अपनी मंजिल हासिल करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि कठिन समय में भी आत्मविश्वास और परिश्रम से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।
वाइस प्रिंसिपल श्रीमती तपोषी सरकार ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जीवन के इस नए मार्ग पर वे बुलंदियों तक पहुँचें यह विद्यालय के लिए गर्व का विषय होगा, यदि वे यहाँ मिली शिक्षा को सार्थक सिद्ध करें।
समारोह का मंच संचालन सदैव की भांति सैमुअल ने जोशपूर्ण अंदाज में किया। कक्षा 11वीं की अध्यापिकाएँ श्रीमती दिव्या सिंह एवं आशा पवार ने विद्यार्थियों के साथ पूर्ण उत्साह और सहयोग के साथ कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

भावनाओं, मुस्कानों और भविष्य की शुभकामनाओं से सजी यह विदाई संध्या ड्रीमलैंड स्कूल के इतिहास में एक अविस्मरणीय अध्याय बनकर दर्ज हो गई।


