बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
ब्रुसेल्स/नई दिल्ली/बिलासपुर
भारत की सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलने जा रही है। यूरोपीय संसद, ब्रुसेल्स में 18 फरवरी 2026 को आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी के आरटीआई प्रकोष्ठ प्रदेश सह-संयोजक (छत्तीसगढ़) पेशीराम जायसवाल (डड़सेना) भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह औपचारिक आमंत्रण पोलैंड के यूरोपीय संसद सदस्य एवं विदेश मामलों की समिति (AFET) के सदस्य ग्रेज़ेगॉर्ज ब्राउन द्वारा प्रदान किया गया है, जो पोलिश क्राउन कन्फेडरेशन पार्टी के अध्यक्ष भी हैं। यह आमंत्रण भारत–यूरोप संबंधों की सुदृढ़ होती कड़ी और सांस्कृतिक कूटनीति की बढ़ती प्रभावशीलता का प्रतीक माना जा रहा है।
भारत-यूरोप सभ्यतागत संवाद का नया अध्याय यूरोपीय संसद में आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
“A New Opening: Prospects for Economic and Cultural Exchange within the EU–Asia Civilizational Dialogue”
भारत और यूरोप के मध्य आर्थिक, सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत सहयोग की नई संभावनाओं पर केंद्रित रहेगा।
इस सम्मेलन में पोलैंड की संसद (सेजम) के सदस्य, विभिन्न यूरोपीय संघ देशों के सांसद (MEPs) तथा अनेक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस अवसर पर पेशीराम जायसवाल छत्तीसगढ़ की सामाजिक सक्रियता, भारत की लोकतांत्रिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत करेंगे। साथ ही भारतीय जनता पार्टी एवं पोलिश क्राउन कन्फेडरेशन पार्टी के मध्य संभावित द्विपक्षीय सहयोग पर औपचारिक चर्चा भी प्रस्तावित है।
गुरु रविदास की 650वीं जयंती: समरसता का वैश्विक संदेश
इसी ऐतिहासिक अवसर पर ब्रिटिश रविदास हैरिटेज फाउंडेशन के तत्वावधान में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास की 650वीं जन्म जयंती का भव्य आयोजन भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम मानव समानता, श्रम की गरिमा, सामाजिक न्याय और समरसता के संदेश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित करेगा।
कार्यक्रम में भारत से अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे, जिनमें
दुष्यंत गौतम, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री, भाजपा (मुख्य अतिथि)
श्रीमती रिनचेन लामो, पूर्व सदस्य, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग
राजेश बग्गा, पूर्व अध्यक्ष, अनुसूचित जाति आयोग, पंजाब
उदय सूद, सचिव, पाथवे ग्लोबल अलायंस एवं भाजपा नेता, पंजाब
इनकी गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम को ऐतिहासिक आयाम प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री और विधायक की शुभकामनाएँ
इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पेशीराम जायसवाल को बधाई देते हुए कहा कि यह अवसर प्रदेश की वैचारिक शक्ति और सांस्कृतिक समृद्धि को वैश्विक मंच पर स्थापित करेगा। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशांत शुक्ला ने भी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संगठनात्मक निष्ठा, सामाजिक प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता के कारण ही श्री जायसवाल को यह ऐतिहासिक अवसर प्राप्त हुआ है।

पूर्व अंतरराष्ट्रीय अनुभव
उल्लेखनीय है कि पेशीराम जायसवाल वर्ष 2017 एवं 2024 में रूस में आयोजित वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी ने भारत की युवा शक्ति और सांस्कृतिक दृष्टि को वैश्विक मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत किया था।
छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक क्षण
यूरोपीय संसद में होने वाला यह संवाद केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि भारत–यूरोप संबंधों के नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ की ओर से पेशीराम जायसवाल की सहभागिता प्रदेश की सक्रिय भूमिका और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का सशक्त प्रतीक है।
यह अवसर विकसित भारत की अवधारणा, सांस्कृतिक कूटनीति की सफलता और भारत की विश्व मंच पर सुदृढ़ होती उपस्थिति को रेखांकित करता है।

