कलेक्टर के निर्देश पर 40 हजार से अधिक आवास पूर्ण कर जिले ने की मिसाल कायम…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन में बिलासपुर जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले ने 40 हजार से अधिक आवास पूर्ण कर मिसाल कायम की है।
वित्तीय वर्ष 2024–26 तक जिले में कुल 71,435 आवासों की स्वीकृति दी गई, जिनमें से 40,452 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। जनपद पंचायतवार उपलब्धि भी उल्लेखनीय रही।बिल्हा में 11,083, कोटा में 9,102, मस्तूरी में 12,337 तथा तखतपुर में 7,930 आवास पूरे हुए हैं। वर्तमान में 30,983 आवास निर्माणाधीन हैं, जिन्हें तय समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए विशेष प्रयास जारी हैं।

अपूर्ण आवासों को शीघ्र गति देने के उद्देश्य से 12 फरवरी 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष महाअभियान चलाया गया। इस अभियान में बिहान केडर की दीदियों, एफएलसीआरपी/आरसी, सक्रिय महिला कार्यकर्ता, पशु सखी, कृषि सखी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, आवास मित्र और पंचायत सचिवों ने घर-घर संपर्क कर हितग्राहियों को निर्माण तेज करने के लिए प्रेरित किया। नारी शक्ति की संगठित भागीदारी ने आवास निर्माण को नई ऊर्जा और रफ्तार दी।

जिला प्रशासन ने सभी अपूर्ण आवासों को 30 जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया है। सतत मॉनिटरिंग, समन्वय और मैदानी निरीक्षण के जरिए प्रगति सुनिश्चित की जा रही है।

योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है।और बिलासपुर जिला इस संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है।

