एसएसपी के प्रयासों से राज्य सरकार ने कर्तव्यपथ पर शहीद आरक्षक के परिवार को दिया- 1 करोड़ का आर्थिक संबल…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली कर्तव्य निभाते हुए सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए आरक्षक राकेश डहरिया के परिजनों को आर्थिक संबल देते हुए मुंगेली पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। भोजराम पटेल (भा.पु.से.), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली के प्रयासों से राज्य शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना अंतर्गत ₹01 करोड़ की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर आज दिनांक 19.02.2026 को चेक के माध्यम से प्रदान की गई।
आरक्षक राकेश डहरिया, जो थाना पथरिया में पदस्थ थे, का 24.06.2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति हुई। इस दुखद घड़ी में पुलिस परिवार ने न केवल शोक व्यक्त किया, बल्कि आश्रित परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में त्वरित पहल भी की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी नागेश्वरी डहरिया को सांत्वना देते हुए कहा कि राकेश डहरिया एक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी और अनुशासित कर्मचारी थे। उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार को अनुकंपा नियुक्ति सहित सभी शासकीय लाभ शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस अवसर पर State Bank of India, मुख्य शाखा बड़ाबाजार मुंगेली के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि केंद्र व राज्य शासन द्वारा संचालित पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत ड्यूटी के दौरान शहीद अथवा आकस्मिक निधन की स्थिति में आश्रित परिवार को निर्धारित आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसी प्रावधान के तहत ₹01 करोड़ की राशि का चेक प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि उक्त सहायता राशि के अतिरिक्त अन्य शासकीय देय लाभ, अनुग्रह राशि, जीपीएफ/ग्रेच्युटी तथा अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया भी प्रचलन में है। सैलरी पैकेज स्वीकृति में निरीक्षक (एम) मदनलाल शुक्ला, उप निरीक्षक अमन कश्यप, प्रधान आरक्षक वेदसिंह सोन्ड्रे एवं बैंक प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर दिवंगत आरक्षक की पत्नी नागेश्वरी डहरिया ने भावुक शब्दों में शासन, पुलिस प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुंगेली पुलिस का यह कदम केवल प्रशासनिक कार्यवाही नहीं, बल्कि वर्दी के पीछे छिपी संवेदनशील मानवीय भावना का प्रमाण है।
सैल्यूट एसएसपी भोजराम पटेल — कर्तव्य के साथ करुणा की भी मिसाल।

