बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर अरपा नदी चेक डैम के नीचे मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए इसे लूट के उद्देश्य से की गई हत्या बताया है। मृतक की पहचान ग्राम नरगोड़ा निवासी 25 वर्षीय राजेंद्र सूर्यवंशी के रूप में हुई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना 15 जुलाई 2025 की है, जब बिलासपुर में अरपा नदी चेक डैम के नीचे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डायटम रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट और टेक्निकल विश्लेषण के आधार पर हत्या की पुष्टि होने पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 122/2026 धारा 103(1), 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
टेक्निकल इनपुट और ह्यूमन इंटेल से खुली गुत्थी जांच के दौरान टेक्निकल साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने दो युवकों—
विकास उर्फ भोले केवट (20 वर्ष)
शनि उर्फ छोटू गंधर्व (20 वर्ष)
को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार और थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर द्वारा की गई पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया।
शराब के बाद बनाई लूट की योजना
आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे पचड़ी घाट डैम के दूसरे छोर पर नदी किनारे शराब सेवन कर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने राजेंद्र को अकेले बैठे देखा। मोबाइल और नगदी होने की आशंका में दोनों ने लूट की नीयत से उसके साथ मारपीट की।

विरोध करने पर आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह अचेत हो गया। साक्ष्य छिपाने के लिए उसे पुल की रेलिंग से नीचे नदी में फेंक दिया गया। घटना के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल और नगदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
यह हत्याकांड एक बार फिर शहर में बढ़ते अपराध और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

