सराफा व्यापारियों को अतिरिक्त सुरक्षा के दिए निर्देश… बोले…सतर्कता ही सुरक्षा का दिया मंत्र…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर राजकिशोर नगर में हाल ही में सराफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए रजनेश सिंह ने शहर के सभी सराफा व्यापारियों को विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विशेषकर शहर से दूर एवं सुनसान क्षेत्रों में संचालित सराफा दुकानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी।
एसएसपी ने कहा कि जिन व्यापारियों की दुकानें बाहरी इलाकों में स्थित हैं, वे दुकान के अंदर और बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं। साथ ही दुकान के आसपास की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को दें।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सोने-चांदी के आभूषणों का रोजाना लाना-ले जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे में व्यापारी सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर विचार करें, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

एसएसपी श्री सिंह ने कहा कि अधिकांश घटनाएं शहर के बाहरी क्षेत्रों में सुनसान सड़कों और अंधेरे का फायदा उठाकर अंजाम दी जाती हैं, इसलिए सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।
इस संबंध में कमल सोनी, प्रदेश अध्यक्ष, सराफा एसोसिएशन ने भी व्यापारियों से अपील की है कि पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग ने सराफा व्यापारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जो सुझाव दिए हैं, वे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में सहायक होंगे।

श्री सोनी ने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर व्यापार करने वाले सराफा व्यवसायी विशेष सावधानी बरतें। लगातार बढ़ते सोने के दामों के चलते आपराधिक घटनाओं में वृद्धि की आशंका बनी रहती है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दुकानों में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, अंदर-बाहर सीसीटीवी कैमरे और नियमित निगरानी से न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा, बल्कि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में अपराधियों तक पहुंचने में भी पुलिस को सहायता मिलेगी।
सराफा एसोसिएशन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में मुख्य बिंदु:
दुकान के अंदर और बाहर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाएं
बाहरी क्षेत्रों में स्थित दुकानों में अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करें
संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें,कीमती आभूषणों के परिवहन में विशेष सावधानी बरतें
दुकान के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें।
पुलिस प्रशासन और सराफा एसोसिएशन की संयुक्त पहल का उद्देश्य स्पष्ट है “सुरक्षित व्यापारी, सुरक्षित शहर”।

