हत्या के फरार आरोपी को मुंगेली पुलिस ने बिलासपुर से धर-दबोचा…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली। जमीन विवाद में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में से एक को मुंगेली पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा। भोजराम पटेल (भा.पु.से.), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली के सख्त निर्देश और सतत मॉनिटरिंग के चलते यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल है।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम बांधा में 9 जनवरी 2026 को जमीन विवाद को लेकर रामकुमार कश्यप (62 वर्ष) पर आरोपियों ने एक राय होकर लाठी-डंडों व तब्बल से प्राणघातक हमला किया। हमले के बाद आरोपियों ने निर्ममता की हद पार करते हुए मृतक के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी जानलेवा हमला कर आरोपी फरार हो गए थे।

पहले ही 6 आरोपी और एक बाल अपचारी गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 03/26 धारा 103(1), 109(1), 191(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पूर्व में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल सम्प्रेषण गृह भेजा गया है।
तकनीकी सूचना से मिली बड़ी सफलता
फरार आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर की तलाश में साइबर सेल और लालपुर पुलिस लगातार जुटी हुई थी। 22 फरवरी 2026 को तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को बिलासपुर के एकतानगर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने घटना में ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करना स्वीकार किया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया।
सख्त संदेश
एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में हुई इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सख्ती जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी लालपुर उपनिरीक्षक सुन्दरलाल गोरले सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

