अब हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक चलेगा सख्त अभियान…अतिक्रमण पर होगी कड़ी कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
शहर को सुव्यवस्थित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था देने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन अभियान का दायरा बढ़ाते हुए पांचवें सेक्टर की घोषणा कर दी है। अब हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक के क्षेत्र को ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन बनाया जा रहा है। इससे पहले शहर के चार सेक्टरों को इस योजना के तहत शामिल किया जा चुका है।
यह अभियान भारत सरकार के भूतल एवं सड़क परिवहन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, पुलिस मुख्यालय के निर्देश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में 01 जनवरी 2026 से जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।

PPP मॉडल पर विशेष पहल
शहर में सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत सेक्टर आधारित व्यवस्था लागू की जा रही है। इस मॉडल के तहत नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग भी लिया जा रहा है, ताकि यातायात नियमों के पालन को लेकर अनुशासन और प्रतिबद्धता स्थापित की जा सके।
अतिक्रमण पर सख्त रुख
नवीन सेक्टर-05 में लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सार्वजनिक अनाउंसमेंट के माध्यम से दुकान संचालकों और व्यवसायियों को समझाइश दी। मुख्य मार्ग को संकीर्ण या बाधित करने की स्थिति में कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान फुटपाथ और सड़कों पर लगाए गए बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स, एलईडी और अन्य विज्ञापन बोर्ड जब्त कर नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। अतिरिक्त निर्माण या संरचना को भी हटाया गया। दुकान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने और ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था करें तथा मुख्य मार्ग पर किसी भी प्रकार की विक्रय सामग्री न फैलाएं।

नियम तोड़ने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति या व्यवसायी सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध करता है या अनाधिकृत पार्किंग व अतिक्रमण करता है, तो उसके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर प्रकरण पंजीबद्ध कर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
26 फरवरी को फिर चलेगा सघन अभियान
पुलिस प्रशासन ने घोषणा की है कि 26 फरवरी 2026 को हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक पुनः सघन और सख्त अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सभी दुकान संचालकों को पूर्व सूचना दे दी गई है। यदि निर्देशों की अवहेलना की गई तो तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों की रही सक्रिय भूमिका
आज के विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिव चरण परिहार, नगर निगम के जोन कमिश्नर, टैंगो अभय खलखों, प्रधान आरक्षक धनसिंह, कुशल कौशिक सहित पुलिस और नगर निगम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उल्लेखनीय भूमिका रही।

शहर को ट्रैफिक वायलेशन फ्री बनाने की इस मुहिम में प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग भी लगातार मिल रहा है, जिससे आने वाले दिनों में बिलासपुर की यातायात व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित व सुरक्षित होने की उम्मीद है।

