सख्त कार्रवाई…!
नशे का जाल टूटा 19,500 का ब्राउन शुगर व गांजे सहित तीन आरोपी गिरफ़्तार..
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर थाना सकरी पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध नशीले मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर, 25 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 19,500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 21(ए), 22(ए), 20(ए), 27, 29 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
दिनांक 27 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि हामिद अंसारी नामक व्यक्ति आसमा सिटी, मेण्ड्रा रोड में ब्राउन शुगर बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी हामिद अंसारी (33 वर्ष), निवासी तैयबा चौक तालापारा, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर को पकड़ा। उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर (कीमत 3,500 रुपये) एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ईशांत सिंह मंडलोई (24 वर्ष), निवासी रामा लाइफ कॉलोनी सकरी एवं अमन तिवारी (24 वर्ष), निवासी अभिषेक नगर मंगला, के माध्यम से प्रयागराज से ब्राउन शुगर, गांजा लाकर बिलासपुर में बिक्री की जाती थी। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर ईशांत मंडलोई के मकान की तलाशी ली गई, जहां से 25 ग्राम गांजा (कीमत 1,000 रुपये), चार नग चिलम और दो लाइटर जब्त किए गए। तलाशी के दौरान किसी प्रकार का अवैध हथियार बरामद नहीं हुआ।
मौके से अमन तिवारी को भी अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि ईशांत सिंह मंडलोई पूर्व में अपराध क्रमांक 198/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं 185 एमव्ही एक्ट के प्रकरण में जेल में निरुद्ध है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी, उपनिरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार, आरक्षक पवन बंजारी, सज्जू अली, रामचंद्र कश्यप सहित थाना सकरी पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध नशे के कारोबारियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

