अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें कलेक्टर के समक्ष रखीं।
जनदर्शन में बेलगहना तहसील के ग्राम केंदाडांड निवासी गेंददास ने बताया कि उनकी जमीन दो वर्ष पहले नहर निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई थी, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम कोटा को प्रकरण की जांच कर तत्काल मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनपद पंचायत बिल्हा के सरवनदेवी गांव की सरपंच ने नदी में हो रहे अवैध रेत उत्खनन की शिकायत करते हुए बताया कि उत्खनन से नदी में गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो जानलेवा साबित हो सकते हैं।

कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उप संचालक खनिज प्रशासन को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर निगम बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 56 निवासी शिवनाथ मिश्रा ने दो माह से निराश्रित पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बिल्हा तहसील के ग्राम खैरखुंडी की सरपंच ने पटवारी रामफल वस्त्रकार के विरुद्ध शिकायत करते हुए बताया कि वह अक्सर नशे की हालत में रहता है और राजस्व संबंधी छोटे छोटेकार्यों के लिए बड़े रकम की मांग करता है। कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मस्तूरी जनपद पंचायत के ग्राम भनेसर में कार्यरत रोजगार सहायक के विरुद्ध भी शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें फर्जी हाजिरी लगाने और ग्रामीणों से आवास के लिए राशि वसूली करने का आरोप लगाया गया। कलेक्टर ने संबंधित जनपद पंचायत सीईओ को शिकायत की जांच करने को कहा। जूना बिलासपुर निवासी श्रीमती जाम बाई पटनवार ने पांच वर्षों से सीमांकन नहीं होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने एसडीओ बिलासपुर को कार्रवाई के निर्देश दिए। तखतपुर विकासखंड के चिचिंरदा गांव के ग्रामीणों ने आनंदी बिल्डर द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की। कलेक्टर ने एसडीएम तखतपुर को मामले की जांच के निर्देश दिए।

बेलगहना तहसील के ग्राम कौनचरा निवासी नारायण पटेल ने वन अधिकार पट्टा दिलाने का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार 60–70 वर्षों से भूमि पर काबिज है। कलेक्टर ने डीएफओ को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बंधवापारा बिलासपुर निवासी श्रीमती कुमारी साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना की मासिक किस्त 3 हजार रुपये से कम करके 500 रुपये करने का अनुरोध किया। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को आवेदन भेजकर विचार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिल्हा तहसील के ग्राम सिलपहरी की महिला समूह ने पीडीएस भवन स्वीकृत करने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने खाद्य नियंत्रक को जांच प्रस्ताव भेजने को कहा।

सीपत तहसील के ग्राम दर्राभाटा निवासी श्रीमती कौशल्या बाई ने बंद निराश्रित पेंशन चालू करने के लिए आवेदन दिया, जिस पर समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार सिलपहरी की श्रीमती पार्वती केवट ने अपने तीन दिव्यांग बच्चों के लिए दिव्यांग पेंशन, निराश्रित चावल तथा बैटरी चालित मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

