सुशांत शुक्ला के सवाल पर मुख्यमंत्री ने रखा पूरा ब्यौरा…!
रायपुर-{जनहित न्यूज़}
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में सरकारी विज्ञापनों के वितरण को लेकर बड़ा मुद्दा सामने आया। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशांत शुक्ला के सवाल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सदन में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों में National Herald को कुल 4 करोड़ 24 लाख रुपये के सरकारी विज्ञापन जारी किए गए हैं।
विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2019–20 से 2023–24 के बीच जनसंपर्क विभाग द्वारा इस प्रकाशन को विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विज्ञापन जारी किए गए।
वर्षवार जारी विज्ञापन राशि
2019–20: ₹34 लाख
2020–21: ₹58 लाख
2021–22: ₹68 लाख
2022–23: ₹1 करोड़ 28 लाख
2023–24: ₹1 करोड़ 36 लाख
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ष 2024–25 और 2025–26 में नेशनल हेराल्ड को कोई विज्ञापन भुगतान नहीं किया गया।
सदन में दी गई जानकारी के अनुसार इसी अवधि में Sunday Navjeevan को लगभग 3 करोड़ 6 लाख रुपये के सरकारी विज्ञापन जारी किए गए, जबकि
Navsrijan Magazine को कोई विज्ञापन राशि जारी नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि नेशनल हेराल्ड के प्रबंधकर्ता पवन बंसल हैं।
सदन में उठे पूरक सवाल इस विषय पर पूरक प्रश्न के दौरान वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने भी सरकार से सवाल किया कि इन विज्ञापनों को किस नीति के तहत जारी किया गया और क्या किसी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े प्रकाशनों को सरकारी विज्ञापन दिया जाना उचित है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवाब देते हुए कहा कि सरकारी विज्ञापन प्रति पृष्ठ लगभग 8 लाख रुपये की दर से जारी किए गए हैं और पूरी प्रक्रिया विज्ञापन नियमावली 2019 के प्रावधानों के अनुरूप की गई है।

पारदर्शिता पर जोर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि सरकारी विज्ञापन जनता के कर के पैसे से दिए जाते हैं, इसलिए उनका वितरण पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होना चाहिए। सदन के माध्यम से यह जानकारी जनता के सामने आना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि
राज्य सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विज्ञापन निर्धारित नियमों तथा विज्ञापन नीति के तहत ही जारी किए जाते हैं।
विधानसभा में उठे इस प्रश्न ने सरकारी विज्ञापनों के वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही के मुद्दे को एक बार फिर केंद्र में ला दिया है।

