रायपुर-{जनहित न्यूज}
रायपुर पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ में अंतर्राष्ट्रीय वार्षिकोत्सव (वर्सी महोत्सव) का भव्य शुभारंभ मंगलवार को श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच हुआ। इस अवसर पर मेगा मेडिकल कैंप की भी शुरुआत की गई, जिसमें विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक निशुल्क सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवम् ज्योति परम पूज्य संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी के करकमलों से प्रातः 9 बजे आशादीवार एवं षोडश मातृका पूजन तथा कलश स्थापना के साथ हुआ। पूजन व अनुष्ठान पंडित रामचंद्र शास्त्री गल ने संतों की आशीर्वादमयी उपस्थिति में संपन्न कराया।
विश्व कल्याण की भावना से आयोजित सर्व अरिष्ट हर शांति महायज्ञ दोपहर 1 बजे संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी की मेजबानी में संपन्न हुआ, जिसमें 66 दंपतियों ने सहभागिता की। इस दौरान हरिद्वार से पधारे स्वामी अभिषेक चैतन्य जी, स्वामी मोहन दास जी तथा काशी से आए महामंडलेश्वर स्वामी गोविंदनंद जी और स्वामी सनत गुरुजी सहित कई संत-महात्मा उपस्थित रहे।

यज्ञ के बाद ध्वजारोहण भी धूमधाम से किया गया।
कार्यक्रम की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में शदाणी दरबार की मेडिकल सेवाओं की रजत वर्षगांठ पर मेगा मेडिकल कैंप का भव्य उद्घाटन किया गया। संतों व आचार्य डॉ. पुंडरीक गोस्वामी जी की उपस्थिति में शुरू हुए इस निशुल्क शिविर में सोनोग्राफी, एक्स-रे सहित विभिन्न जांचें मुफ्त की जा रही हैं।

कैंप में कैंसर, त्वचा, अस्थि, हृदय रोग, न्यूरो सर्जरी, स्त्री रोग तथा फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न क्षेत्रों के ख्याति प्राप्त विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीज इसका लाभ उठा सकें।
रात्रि लगभग 8 बजे दीप प्रज्वलन व धर्मग्रंथों के पाठ के साथ संत-महात्माओं और महामंडलेश्वरों की उपस्थिति में वर्सी महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

