बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर्राज्यीय नशे के सौदागर को गिरफ्तार किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को मध्यप्रदेश के कटनी से पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 सितंबर 2022 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी धर्मेन्द्र गेंदले के पास भारी मात्रा में नशीला कफ सिरप है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसके कब्जे से 120 नग प्रतिबंधित कफ सिरप (KOP FREE) बरामद किया था। इस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 29 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया था।
पूछताछ के दौरान धर्मेन्द्र गेंदले ने खुलासा किया कि वह यह नशीला सिरप मध्यप्रदेश के कटनी निवासी दिलीप भाउ से लाकर छत्तीसगढ़ में बेचता था। इसके बाद से पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
लगातार प्रयासों के बाद 16 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने कटनी (म.प्र.) में दबिश देकर आरोपी दिलीप कुमार वीरवानी उर्फ दिलीप भाउ (55 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कैरिन लाइन, थाना माधवनगर क्षेत्र का निवासी है और लंबे समय से अंतर्राज्यीय स्तर पर नशीले कफ सिरप की सप्लाई में संलिप्त था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में नशीले सिरप की सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

