महिलाओं की ऐतिहासिक स्कूटर रैली 2000 प्रतिभागियों ने लहराया एकता संस्कृति और सशक्तिकरण संगम का परचम…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत सेंट्रल सिंधी युवा विंग एवं महिला विंग के संयुक्त तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य स्कूटर रैली का आयोजन किया गया।

इस ऐतिहासिक रैली में लगभग 1500 से 2000 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एक नई मिसाल पेश की। खास बात यह रही कि इस आयोजन में युवतियों के साथ-साथ बुजुर्ग महिलाओं की भी प्रेरणादायक सहभागिता देखने को मिली।

रैली के दौरान सिंधी संस्कृति की समृद्ध झलक आकर्षक झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत की गई। झांकियों में सिंधी समाज के शहीदों की गौरवगाथा को दर्शाया गया, वहीं भारत माता, दुर्गा माता, सिंधु माता और छत्तीसगढ़ महतारी के विभिन्न स्वरूपों ने आयोजन को सांस्कृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध और मनमोहक बना दिया।
यह भव्य रैली शाम 4 बजे दीनदयाल गार्डन से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों सिंधु भवन, श्रीकांत वर्मा मार्ग, पुराना बस स्टैंड और गांधी चौक से होती हुई तोरवा में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में शहरवासियों ने उत्साह के साथ रैली का स्वागत किया, जिससे वातावरण उत्सवमय बना रहा।

कार्यक्रम में शहर की प्रथम नागरिक महापौर पूजा विधानी एवं माता बरखा जी की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने प्रारंभ से लेकर समापन तक सक्रिय सहभागिता निभाते हुए महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

रैली के विभिन्न पड़ावों पर न्यू जनरेशन ग्रुप, पुज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत, सिंधी साथी ग्रुप जुना बिलासपुर, गांधी चौक एवं तोरवा पंचायत सहित सिंधु भवन द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

पूरे आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम सुचारू और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में पुज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष विनोद मेंघानी, डी.डी. आहूजा, रूपचंद डोडवानी, सुरेश सिदारा सहित सेंट्रल सिंधी युवा विंग के अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी, कार्यकारी अध्यक्ष पवन वाधवानी, सचिव जय गुरनानी, कोषाध्यक्ष सुमित सचदेव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महिला विंग से विनीता भावनानी (राष्ट्रीय अध्यक्षा, भारतीय सिंधु सभा), कंचन मलघानी, गरिमा शाहनी, पूनम बजाज, नीतू खुशलानी, कविता मंगवानी, मोनिका सिदारा सहित अनेक महिलाओं ने आयोजन की तैयारियों से लेकर समापन तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह रैली न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनी, बल्कि सिंधी समाज की एकता, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का भी भव्य प्रदर्शन रही।


