बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में इन दिनों एलपीजी सिलेंडरों की भारी किल्लत से आम जनता परेशान है। गैस की समय पर आपूर्ति न होने और बुकिंग के बाद लंबा इंतजार करने जैसी समस्याओं के बीच खाद्य विभाग ने कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैस माफिया पर शिकंजा कसा है।
शहर के मधुबन और दयालबंद क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास की गई छापेमारी में विभाग की टीम ने भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर और उपकरण जब्त किए। कार्रवाई के दौरान 14.2 किलोग्राम के 100 घरेलू सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 263 सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा चूल्हा बर्नर, बड़ी संख्या में रेगुलेटर (8 बोरियों में), 6 कार्टून व 25 खुले रेगुलेटर तथा 25 प्रेशर वॉल भी जब्त किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी सामग्री अवैध रूप से भंडारित कर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी, जिसके चलते शहर में एलपीजी की कृत्रिम कमी (आर्टिफिशियल शॉर्टेज) पैदा हो रही थी। यही वजह है कि आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है।
खाद्य विभाग ने मौके पर ही सभी सामग्री जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि जिले में एलपीजी वितरण को सुचारु बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 8 मामलों में 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
हालांकि विभाग का दावा है कि जिले की 35 गैस एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन जमीनी हकीकत में उपभोक्ताओं को देरी और कमी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विभाग की यह कार्रवाई राहत की उम्मीद के तौर पर देखी जा रही है।

प्रशासन की अपील: उपभोक्ता घबराएं नहीं, नियमानुसार बुकिंग करें और निर्धारित दरों पर ही गैस लें।
यदि कहीं कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या अवैध भंडारण की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
जनहित में जारी जागरूक रहें, सुरक्षित रहें।

