सिम्स के डॉक्टरों ने दिखाई सूझबूझ 3 साल की मासूम बच्ची की बचाई जान…!
पढ़े पूरी खबर…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
खेलते-खेलते हुआ एक छोटा सा हादसा पल भर में बड़ा संकट बन सकता था, लेकिन समय पर मिली चिकित्सा सहायता और डॉक्टरों की कुशलता से एक मासूम की जान सुरक्षित बचा ली गई।
शहर के असीम चिकित्सालय क्षेत्र में 3 वर्ष की एक बालिका खेलते हुए स्टील की गगरी अपने सिर पर डाल बैठी। देखते ही देखते गगरी इस तरह फंस गई कि उसका चेहरा और गर्दन भी उसमें जकड़ गए। बच्ची की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन घबरा गए और काफी प्रयास के बाद भी गगरी निकालने में असफल रहे।
स्थिति गंभीर होते देख परिजन तुरंत बच्ची को सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान), बिलासपुर लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी विभाग में तत्काल उपचार शुरू किया गया।

यहां डॉ. बी.डी. तिवारी के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मामले की गंभीरता को समझते हुए बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ ऑपरेशन किया। विशेष उपकरणों की मदद से स्टील की गगरी को काटकर बच्ची के सिर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि बच्ची को कोई गंभीर चोट न पहुंचे।

डॉक्टरों के अनुसार, घर पर गगरी निकालने के प्रयास में बच्ची के सिर और गर्दन में हल्की चोटें आई थीं, लेकिन समय रहते अस्पताल पहुंच जाने से बड़ा हादसा टल गया। उपचार के बाद अब बच्ची की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
चिकित्सकों की अपील:
डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को खेलते समय ऐसी वस्तुओं से दूर रखें, जो उनके लिए खतरनाक हो सकती हैं। किसी भी आपात स्थिति में घर पर जोखिम भरे प्रयास करने के बजाय तुरंत अस्पताल ले जाना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।
संदेश साफ है:
सतर्कता और सही समय पर लिया गया निर्णय ही बड़ी अनहोनी को टाल सकता है।

