ए.सी.सी.यू व थाना सिविल लाइन की सुनियोजित कार्रवाई लूट का पूरा माल बरामद…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो शातिर चैन स्नेचर्स को गिरफ्तार कर लिया है और लूट का शत-प्रतिशत मशरूका भी बरामद कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के मार्गदर्शन में ए.सी.सी.यू. और सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने करीब 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा गया।
क्या था पूरा मामला…?
23 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे, वैष्णवी विहार निवासी शोभना भाण्डेकर अपने भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। रामा पोर्ट के पास स्कूटी पंचर हो जाने के कारण वे धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। तभी पल्लव भवन के पास एक बदमाश ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चैन और लॉकेट (कीमत लगभग ₹1.10 लाख) लूट लिया और पहले से तैयार अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।
ऐसे पहुंचे पुलिस आरोपी तक…
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों का पीछा किया। देवरीखुर्द और तारबाहर इलाके में उनके छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:-
शेख सलमान (27 वर्ष), निवासी तारबाहर
आकाश उर्फ आशु नायक (23 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द
पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि पीड़िता को पहले से टारगेट कर योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया था।

क्या-क्या हुआ बरामद?
01 मोटरसाइकिल
01 ऑटो
₹5000 नकद सोने की चैन व लॉकेट (IIFL गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर ₹80,000 का लोन लिया गया था)
पुलिस ने सोने के आभूषण को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस टीम को मिला सम्मान
इस सराहनीय कार्यवाही के लिए पूरी टीम को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रशंसा और पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अपराधियों के लिए शहर में कोई जगह नहीं है और कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।

