बिलासपुर को मिला अत्याधुनिक रक्षित आरक्षी केंद्र मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर-जिला पुलिस को सुदृढ़ और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। विष्णु देव साय के कर कमलों से 29 मार्च 2026 को बिलासपुर में नवनिर्मित रक्षित आरक्षी केंद्र का लोकार्पण किया गया। इस अत्याधुनिक भवन के निर्माण में रजनेश सिंह (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) की विशेष भूमिका और दूरदर्शी प्रयासों की सराहना की जा रही है।

जिला पुलिस बिलासपुर, जो प्रदेश का एक प्रमुख और संवेदनशील जिला है, लंबे समय से पुराने और जर्जर भवनों में संचालित हो रहा था। अंग्रेज़ शासनकाल में बने इन भवनों की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी थी, जिससे कार्य संचालन में बाधाएं आ रही थीं। ऐसे में एसएसपी रजनेश सिंह के प्रयासों से न केवल रक्षित आरक्षी केंद्र का नवीन भवन तैयार हुआ, बल्कि पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए।

नए रक्षित आरक्षी केंद्र भवन के निर्माण से अब पुलिस की विभिन्न शाखाएं एक ही परिसर में सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेंगी। यह केंद्र जिला पुलिस का मुख्यालय होने के साथ-साथ कानून व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा, आपातकालीन स्थितियों में बल प्रबंधन, संसाधनों का नियंत्रण और जवानों के आवास एवं भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं का संचालन करता है।

इसके अतिरिक्त, एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में शहीद स्मारक एवं किशोर बालक अनुसंधान इकाई (AJPU) कार्यालय का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थाना पचपेड़ी जैसे महत्वपूर्ण भवनों का निर्माण अंतिम चरण में है। साथ ही चौकी केंदा, एसडीओपी कोटा एवं बिलासपुर के आवासीय भवनों सहित 110 क्वार्टर और सामुदायिक भवनों का निर्माण कार्य भी जल्द प्रारंभ किया जाएगा।

रक्षित आरक्षी केंद्र के माध्यम से पुलिस विभाग की सभी आवश्यक गतिविधियों जैसे संसाधन प्रबंधन, वाहन एवं ईंधन व्यवस्था, आर्म्स-अम्युनिशन नियंत्रण, वर्दी एवं उपकरण वितरण के साथ-साथ जवानों के प्रशिक्षण, पीटी परेड और कल्याणकारी योजनाओं का संचालन भी सुचारू रूप से किया जाएगा।

कुल मिलाकर, एसएसपी रजनेश सिंह के प्रयासों से बिलासपुर पुलिस को आधुनिक सुविधाओं से लैस एक मजबूत आधारभूत संरचना मिल रही है, जो न केवल पुलिस कार्यक्षमता को बढ़ाएगी, बल्कि आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था को भी और अधिक सशक्त बनाएगी।

