ऑनलाइन सट्टा पर बिलासपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से सटोरियो में मची भगदड़..!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर आईपीएल सीजन में बढ़ते ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर लगाम कसते हुए सिरगिट्टी पुलिस ने एक बड़ी और सटीक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने चलती कार के भीतर संचालित हो रहे हाईटेक सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में लगभग ₹17 लाख की नगदी, मोबाइल फोन और एक कार जब्त की गई है।
चलती कार बनी ‘डिजिटल सट्टा सेंटर’
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि गुम्बर पेट्रोल पंप के पास एक सफेद क्रेटा कार (CG10BD8888) में तीन व्यक्ति लगातार लोकेशन बदलते हुए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और ACCU टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर वाहन को धर दबोचा।
मोबाइल में मिला पूरा सट्टा नेटवर्क
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन खंगाले गए, जिनमें व्हाट्सएप के जरिए सट्टा संचालन के ठोस प्रमाण मिले। मोबाइल में ग्राहकों की सूची, दांव की जानकारी और लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड मौजूद था, जिससे यह साफ हुआ कि यह एक संगठित और सक्रिय नेटवर्क था।

गिरफ्तार आरोपी
रामेश्वर गुप्ता उर्फ दउवा (40 वर्ष), निवासी गनियारी, थाना कोटा
दीपचंद सोनकर उर्फ चिंटू (32 वर्ष), निवासी देवरी खुर्द, थाना तोरवा
सीताराम साहू (36 वर्ष), निवासी नजरलाल पारा, थाना सिरगिट्टी
जप्त सामग्री
नगदी: ₹5,01,300/-
मोबाइल फोन: 04 नग
क्रेटा कार (अनुमानित कीमत): ₹10,00,000/-
कुल जप्ती: लगभग ₹17,00,000/-
व्हाट्सएप बना सट्टे का जरिया
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर लाइव मैचों पर दांव लगवा रहे थे। चैट और ट्रांजेक्शन डिटेल्स से इस नेटवर्क के व्यापक और लगातार संचालित होने के संकेत मिले हैं।
अन्य क्षेत्रों में भी फैला नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने सट्टा संचालन की बात स्वीकार की है। पुलिस को संदेह है कि यह नेटवर्क अन्य थाना क्षेत्रों में भी सक्रिय हो सकता है, जिसकी जांच जारी है।
कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ धारा 7(2) एवं 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सख्त निगरानी जारी।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। आईपीएल सीजन के दौरान शहर में सट्टेबाजी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।
यह कार्रवाई दर्शाती है कि अब सट्टेबाजों के लिए कोई भी जगह सुरक्षित नहीं चाहे वह चलती कार ही क्यों न हो।

