एजेंसी को नोटिस, सफाई व जल व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर में विकास कार्यों की गति तेज करने के उद्देश्य से निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने सख्त रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी घटक) की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कंसल्टेंट एजेंसी मॉस एन वाइड को नोटिस जारी किया है और समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन के दृष्टि सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में निगम आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिन हितग्राहियों द्वारा आवास निर्माण शुरू नहीं किया जा रहा है, उनके आवंटन निरस्त कर पात्र जरूरतमंदों को दिए जाएं। साथ ही अप्रारंभ आवासों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर भी आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के किसी भी खाली प्लॉट में कचरा डंप न होने पाए। सभी जोन क्षेत्रों में खाली प्लॉट का सर्वे कर निगरानी सुनिश्चित की जाए। कचरा फैलाने या नालियों में डालकर जाम करने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा गया कि घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कचरा केवल कलेक्शन गाड़ियों में ही दिया जाए। नियमों का पालन नहीं करने वालों को पहले समझाइश और फिर कार्रवाई की बात कही गई।

नाला-नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए बड़े नालों की सफाई का रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जलभराव की समस्या से बचा जा सके।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने पाइपलाइन की मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। जहां-जहां पाइपलाइन नालियों के पास से गुजर रही है, वहां लीकेज की जांच कर तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। साथ ही नालियों के अंदर से गुजर रही पाइपलाइन को शिफ्ट करने की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
गर्मी के मौसम को देखते हुए जल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में हर वर्ष पानी की समस्या रहती है, वहां अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के साथ आगामी जनगणना की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। निगम आयुक्त ने सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के सख्त निर्देशों से साफ है कि शहर में विकास कार्यों, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

