धारदार हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] घर में घुसकर शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर लोहे के धारदार चापड़ से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है।
थाना सिटी कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने दिनांक 07 अप्रैल 2026 को थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 06 अप्रैल 2026 की रात करीब 7:30 बजे आरोपी अभय पाण्डेय उसके घर में घुस आया और शराब पीने के लिए ₹500 की मांग करने लगा। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
मना करने पर आरोपी ने प्रार्थिया, उसकी बहन और भाभी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद अपने पास रखे लोहे के धारदार चापड़ से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने प्रार्थिया के पैर को दांत से भी काट लिया।
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 231/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ जब्त कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 231 /26 धारा 119 (1), 333, 296, 115 (2), 351 (3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:-
अभय पाण्डेय, पिता कृष्ण दत्त पाण्डेय, उम्र 26 वर्ष, निवासी टेंगनमाडा (चौकी बेलगहना, थाना कोटा), हाल निवास उदई चौक कतियापारा, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

