नशे में ड्राइविंग पर 1186 वाहन चालकों पर हुई कड़ी कार्रवाई लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया हुई शुरू…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सड़क सुरक्षा को लेकर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए नशे में वाहन चलाने वाले 1186 चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजा है। साथ ही सभी मामलों में चालकों के लाइसेंस निलंबन हेतु प्रतिवेदन परिवहन विभाग को प्रेषित किया गया है।
यातायात पुलिस द्वारा किए गए विस्तृत विश्लेषण में सामने आया है कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में तेज गति, नशे की हालत में वाहन चलाना, गलत ओवरटेकिंग और अचानक लेन बदलना शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, दुर्घटनाएं सबसे अधिक दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे और शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच होती हैं।

विशेष चिंता की बात यह है कि अधिकांश दुर्घटनाओं में 17 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा वाहन चालक शामिल पाए गए हैं। वहीं, कई मामलों में चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला, जिसके चलते पुलिस द्वारा लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई लगातार की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में जिले भर में यातायात नियमों के पालन को लेकर सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जहां एक ओर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर स्कूल, कॉलेज, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों राष्ट्रीय राजमार्ग, राजकीय मार्ग एवं प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक संकेत, सड़क चिन्ह, इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल और भारी वाहनों के डायवर्सन जैसी व्यवस्थाएं भी सुदृढ़ की जा रही हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है।
सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट न पहनना, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी को भी बड़ा कारण बताया गया है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

इसके अलावा, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिले के स्वास्थ्य केंद्रों को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत नामांकित किया गया है, जहां गोल्डन ऑवर के दौरान 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध है। साथ ही दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले नागरिकों को गुड सेमेरिटन (राहवीर) के रूप में सम्मानित करने की भी व्यवस्था है।

पुलिस की अपील:
सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं, ताकि स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की जिंदगी भी बचाई जा सके।

