मल्हार पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चंद घंटों में शातिर डिजिटल ठग गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर मल्हार चौकी क्षेत्र में ऑनलाइन लोन के नाम पर ग्रामीणों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दुकानदारों और ग्रामीणों का मोबाइल फोन लेकर ऑनलाइन लोन स्वीकृत कराता था और फिर लोन की रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर देता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान गोपी कश्यप के रूप में हुई है। आरोपी ग्राम धुर्वाकारी थाना पचपेड़ी का रहने वाला है।
मामले की शिकायत ग्राम चकरबेड़ा मल्हार निवासी शिवकुमार राय ने चौकी मल्हार में दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका परिचित गोपी कश्यप उसे लोन दिलाने का झांसा देकर उसका मोबाइल फोन ले गया। आरोपी ने ऑनलाइन लोन स्वीकृत कराया और खाते में आई रकम में से 80 हजार रुपये बिना बताए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया।
जब शिवकुमार राय को संदेह हुआ तो उसने बैंक ऑफ महाराष्ट्र जाकर जानकारी ली। वहां पता चला कि लोन की राशि अलग-अलग किस्तों में आरोपी द्वारा अपने खाते में ट्रांसफर की गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी किराना दुकानदारों और ग्रामीणों को पेटीएम बॉक्स सुधारने या लोन दिलाने का झांसा देकर उनके मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था। इसके बाद उनके नाम पर लोन लेकर रकम अपने खाते में डाल लेता था।

शिकायत मिलते ही मामले की जानकारी रजनीश सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा मस्तूरी एसडीओपी एल.सी. मोहले के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को उसके गांव धुर्वाकारी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय, अभिजीत और सुखदेव पाल की विशेष भूमिका रही।

