आईजी-एसएसपी ने ITMS, साइबर सेल और डायल-112 का किया निरीक्षण…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, तकनीकी रूप से सक्षम और प्रभावी बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम), साइबर सेल, पुलिस कंट्रोल रूम एवं डायल-112 का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आईटीएमएस के अंतर्गत संचालित आधुनिक तकनीकी प्रणालियों, कैमरा मॉनिटरिंग, यातायात नियम उल्लंघन की पहचान एवं चालान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टाफ को निर्देशित किया कि वे सदैव सतर्क एवं मुस्तैद रहकर लापरवाह वाहन चालकों, सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पैनी नजर रखें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में संचालित इस प्रणाली के तहत शहरभर में लगाए गए 550 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरों के माध्यम से वाहन चालकों की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को बताया गया कि नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों की नंबर प्लेट कैमरे द्वारा कैप्चर की जाती है और तकनीकी सत्यापन के बाद संबंधित वाहन चालक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर चालान भेजा जाता है।

आईटीएमएस टीम ने अधिकारियों को यह भी बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर ट्रैफिक दबाव, भीड़भाड़ और आवागमन की स्थिति की निगरानी किस प्रकार डिजिटल और सैटेलाइट आधारित तकनीकों से की जाती है। कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में लगे विशाल मॉनिटर के माध्यम से शहर की लाइव ट्रैफिक स्थिति का प्रदर्शन भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं कई वाहनों की नंबर प्लेट को जूम कर पढ़ा और चालान प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। साथ ही यह भी चर्चा की गई कि भविष्य में आईटीएमएस प्रणाली में और कौन-कौन से एडवांस फीचर्स जोड़े जा सकते हैं।

पुलिस महानिरीक्षक ने चोरी हुए वाहनों की खोज में आईटीएमएस की भूमिका की सराहना करते हुए टीम को निर्देश दिए कि चोरी के वाहनों की निगरानी और अधिक प्रभावी ढंग से की जाए। उन्होंने पुलिस द्वारा विकसित डिजिटल एप और तकनीकी साधनों का अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इसके अतिरिक्त आईजी और एसएसपी ने साइबर सेल, डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति गंभीरता और संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, टीआई साइबर सेल गोपाल सतपति सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

