300 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने की कड़ी मशक्कत के बाद मिली सफलता एसएसपी ने टीम को सम्मानित करने की घोषणा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर के रिहायशी अपार्टमेंट्स में लगातार हो रही चोरियों पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मेरठ निवासी शातिर चोर ताज मोहम्मद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 35.34 ग्राम गला हुआ सोना (कीमत लगभग 4.99 लाख रुपये) और सोना गलाने की चिमनी बरामद की है।
इस पूरी कार्रवाई का निर्देशन उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में किया गया। पुलिस टीम ने घटना के बाद बारीकी से कड़ियां जोड़ते हुए करीब 20 दिनों तक दिल्ली और मेरठ में कैम्प कर तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
ऐसे खुला मामला
28 सितंबर 2025 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत अपार्टमेंट और रियल हेवन अपार्टमेंट में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आई थीं। अज्ञात चोरों ने फ्लैट्स के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए थे।
घटना के बाद पुलिस ने-●
300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद ली
सायबर सेल की तकनीकी सहायता से संदिग्धों की पहचान की
जांच में आरोपी ताज मोहम्मद और उसके साथी वसीम मोहम्मद का नाम सामने आया, जिनकी पहचान दिल्ली- मेरठ के अपराधियों के
रूप में हुई।

47 मामलों का आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि ताज मोहम्मद के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, जयपुर, अलीगढ़, लुधियाना और मेरठ समेत विभिन्न शहरों में 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसका साथी वसीम मोहम्मद फिलहाल दिल्ली जेल में बंद है।
शातिर तरीका आरोपी चोरी के बाद जेवरात को खुद ही गलाकर पहचान मिटा देता था और लंबे समय तक फरार रहने के लिए मोबाइल बंद कर देता था। इस बार भी उसने यही तरीका अपनाया, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी विश्लेषण से बच नहीं सका।
टीम को मिला सम्मान…
इस सफल कार्रवाई में सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह, थाना प्रभारी एस.आर. साहू, एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए उचित पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि बिलासपुर पुलिस न केवल स्थानीय बल्कि अंतरराज्यीय अपराधियों पर भी सख्ती से नजर रखे हुए है और अपराध पर लगाम लगाने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

