मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 5000 इनामी वारंटी को धर-दबोचा…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली महिला एवं नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना जरहागांव पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 176/2024 के तहत नाबालिग अपहरण एवं दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। यह घटना 26 सितंबर 2024 की है, जब ग्राम छोटे बरेला निवासी प्रार्थी ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी रूपेश उर्फ पप्पू निर्मलकर ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और हैदराबाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में बीएनएस की धाराएं 137(2), 65(1) एवं पाक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत कार्रवाई की गई। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सहित सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सत्र न्यायालय मुंगेली द्वारा आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम घोषित था।
26 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने तखतपुर क्षेत्र के ग्राम टिकरीपारा में दबिश देकर आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रूपेश निर्मलकर (22 वर्ष), पिता दशरथ निर्मलकर, निवासी टिकरीपारा, थाना तखतपुर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शोभा यादव, आरक्षक उमेश सोनवानी, आरक्षक रोहित पटेल सहित थाना जरहागांव स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की यह एक और महत्वपूर्ण मिसाल है।

