कोरबा सराफा संघ कारोबारियों ने जताया आभार…!
कोरबा-{जनहित न्यूज}
कोरबा के दिव्या ज्वेलर्स में हुई उठाईगिरी की घटना को कोरबा पुलिस ने अपनी तत्परता और कुशल रणनीति से बेहद कम समय में सुलझाकर एक मिसाल पेश की है। न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, बल्कि चोरी गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया गया
जिससे सराफा कारोबारियों में राहत और भरोसा दोनों बढ़ा है।
इस सफलता पर कोरबा जिला सराफा संघ ने थाना प्रभारी आस्था शर्मा और सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला सराफा संघ के अध्यक्ष रामकुमार सोनी, अश्वनी सोनी और अखिल देवांगन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ सराफा संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने भी फोन के माध्यम से थाना प्रभारी को बधाई देते हुए पुलिस की सक्रियता और कुशल नेतृत्व की सराहना की।
थाना प्रभारी ने इस सफलता का श्रेय एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन, सीएसपी के सहयोग और सीसीटीवी फुटेज की अहम भूमिका को दिया। उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही आरोपियों तक पहुंच संभव हो सकी।
पुलिस ने सराफा व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए दुकानों के भीतर और बाहर दोनों ओर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और लगातार निगरानी रखने की अपील की है।

सराफा संघ की एकजुटता बनी प्रेरणा
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कोरबा जिला सराफा संघ की सक्रियता और एकता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह का संगठित प्रयास अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक है।
कोरबा पुलिस की यह सफलता न केवल एक केस सुलझाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि सजग प्रशासन और संगठित समाज मिलकर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगा सकते हैं।

