दुकानदार से बिना रसीद जुर्माना वसूली…अभद्रता के आरोप पेट्रोलिंग प्रभारी दीपक कुमार तत्काल प्रभाव से सस्पेंड…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्वच्छता पेट्रोलिंग अभियान पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब पेट्रोलिंग टीम के प्रभारी और वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक दीपक कुमार पंकज पर गंभीर आरोप सामने आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेट्रोलिंग टीम द्वारा एक दुकानदार से बिना रसीद दिए जुर्माना वसूले जाने, अभद्र व्यवहार करने और दुकान से बिना भुगतान किए खाद्य सामग्री लेने की शिकायत नगर निगम तक पहुंची थी। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी दुकानदार द्वारा साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसके आधार पर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।
बताया जा रहा है कि 27 अप्रैल 2026 को जोन क्रमांक 06 अंतर्गत मिश्रा किराना स्टोर में प्रतिबंधित पॉलिथिन जब्ती की कार्रवाई के दौरान प्रभारी द्वारा न केवल बिना पैसे दिए कोल्ड ड्रिंक का सेवन किया गया, बल्कि सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करते हुए भी देखा गया। इसके अलावा जुर्माने की निर्धारित राशि लेने के बावजूद तत्काल रसीद नहीं दी गई और शिकायत के बाद अगले दिन रसीद जारी की गई।
निगम कमिश्नर ने अपने आदेश में स्पष्ट कहा है कि उक्त कृत्य से निगम की छवि धूमिल हुई है और स्वच्छता अभियान की विश्वसनीयता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इसी के चलते सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत दीपक कुमार पंकज को निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पं. देवकीनंदन दीक्षित औषधालय (स्वास्थ्य विभाग), नगर पालिक निगम बिलासपुर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
इस कार्रवाई को नगर निगम की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

