मतगणना ड्यूटी में लगे शिक्षक से मारपीट का आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर बिल्हा पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और मतगणना ड्यूटी में तैनात शिक्षक के साथ मारपीट करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया, साथ ही पृथक से प्रतिबंधक कार्रवाई भी की गई है।
थाना बिल्हा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नेतराम पैकरा (34 वर्ष), निवासी कसडोल जिला बलौदाबाजार, ने 2 मई 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ग्राम घोघरा में जनगणना कार्य के दौरान आरोपी निर्मल कुमार कांत ने उनसे अभद्रता करते हुए तुम कौन हो, क्या करने आए हो कहकर शासकीय कार्य में बाधा डाली और मारपीट की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने 3 मई 2026 को आरोपी निर्मल कुमार कांत (31 वर्ष), निवासी घोघरा, थाना बिल्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत धारा 132, 221, 121(1) भा.न्या.सं. के तहत विधिवत गिरफ्तार किया गया। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रतिबंधक कार्रवाई भी की गई।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरे प्रकरण में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक संतोष यादव, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कानून का सख्त संदेश:
शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ बिल्हा पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

