सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई 3 आरोपी व 2 नाबालिग गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सरकंडा थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में 3 मुख्य आरोपी एवं 2 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया है। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
थाना सरकंडा से मिली जानकारी के अनुसार, गुड़ीपारा संतोषी चौक मोपका निवासी 19 वर्षीय अभय यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े पिता के पुत्र ओम प्रकाश यादव की मोपका स्थित एक युवती से मित्रता थी। इसी संबंध को लेकर 1 मई 2026 को अजीत सूर्यवंशी और उसके साथियों से विवाद हुआ था।
विवाद को सुलझाने के लिए 2 मई की रात करीब 10:30 बजे ओम प्रकाश यादव अपने साथियों अभिषेक यादव, पंकज साहू और अजय साहू के साथ मोपका चौक स्थित कलकत्ता स्वीट्स के पास पहुंचे। बातचीत के दौरान ही मामला फिर बिगड़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हमला कर दिया।
इसी दौरान आरोपी आशीष सूर्यवंशी ने कमर में छुपाकर रखा चाकू निकालकर अभिषेक यादव के गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। वहीं ओम प्रकाश यादव को भी मारपीट में चोटें आईं। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मोपका चौकी प्रभारी ओपी कुर्रे एवं ACCU टीम की मदद से पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।


गिरफ्तार आरोपी:
आशीष सूर्यवंशी (22 वर्ष)
महावीर सूर्यवंशी (23 वर्ष)
रघुवीर सूर्यवंशी (26 वर्ष)
एवं 2 विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ कि बिलासपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त और सतर्क है।

