नगरवासियों को झालमुड़ी बांट कर मनाया जश्न…! झालमुड़ी के स्वाद में घुली जीत की खुशी सभी को दी बधाइयाँ…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर राजनीतिक जीत का जश्न अक्सर मिठाइयों से मनाया जाता है, लेकिन इस बार शहर में खुशी का अंदाज़ कुछ अलग ही देखने को मिला। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर बिलासपुर में अनोखे तरीके से उत्सव मनाते हुए लोगों के बीच झालमुड़ी बांटी।

सड़क पर ‘झालमुड़ी वाले’ के रूप में नजर आए कमल सोनी ने खुद अपने हाथों से कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को यह खास बंगाली व्यंजन परोसा। इस अनूठे जश्न ने शहर में उत्साह का अलग ही माहौल बना दिया, जहां लोग सिर्फ जीत का जश्न ही नहीं, बल्कि उसके स्वाद का भी आनंद लेते नजर आए।
इस अवसर पर कमल सोनी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन और सौरभ सिंह के नेतृत्व में बिलासपुर सराफा के कार्यकर्ताओं ने पिछले डेढ़ महीने से पश्चिम बंगाल चुनाव में पार्टी की जीत के लिए लगातार मेहनत की थी।

उन्होंने बंगाल की जनता को साधुवाद देते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और विकास की जीत है, जो देशभर में भाजपा के बढ़ते प्रभाव को दर्शाती है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी और झालमुड़ी का आनंद लेते हुए इस खास मौके को यादगार बनाया।

इस अनोखे जश्न ने यह साबित कर दिया कि खुशी जताने के तरीके जितने अलग हों, उतना ही वह लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बना लेते हैं।

