जागरूकता और सुरक्षा उपायों के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों व विद्यार्थियों को किया जा रहा जागरूक…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) द्वारा हेपेटाइटिस बी एवं सी जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता एवं वैक्सीनेशन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी, नर्सिंग स्टाफ तथा विद्यार्थियों को हेपेटाइटिस संक्रमण के कारण, उसके फैलने के तरीके, लक्षण, संभावित खतरे तथा बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार हेपेटाइटिस एक गंभीर संक्रमणजनित बीमारी है, जो मुख्य रूप से लीवर (यकृत) को प्रभावित करती है। हेपेटाइटिस बी और सी वायरस संक्रमित रक्त, असुरक्षित इंजेक्शन, संक्रमित सुई, असुरक्षित रक्त चढ़ाने, संक्रमित उपकरणों के उपयोग तथा संक्रमित व्यक्ति के शारीरिक द्रवों के संपर्क से फैल सकता है। स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों एवं नर्सिंग स्टाफ में इसका खतरा अधिक रहता है, क्योंकि वे नियमित रूप से मरीजों के संपर्क में रहते हैं।
चिकित्सकों ने बताया कि हेपेटाइटिस संक्रमण प्रारंभिक अवस्था में सामान्य कमजोरी, भूख कम लगना, उल्टी, बुखार, थकान, पेट दर्द तथा आंखों और त्वचा के पीले पड़ने जैसे लक्षणों के रूप में दिखाई दे सकता है। कई बार यह बीमारी लंबे समय तक बिना लक्षण के भी शरीर को नुकसान पहुंचाती रहती है और बाद में लीवर सिरोसिस या लीवर कैंसर जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है।
सिम्स प्रबंधन द्वारा इस बीमारी से बचाव के लिए “0-1-6” वैक्सीनेशन शेड्यूल के अनुसार टीकाकरण किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में पहली डोज के बाद एक माह एवं छह माह में अगली डोज लगाई जाती है। अब तक संस्थान में 1189 डोज लगाए जा चुके हैं तथा अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने की तैयारी की जा रही है।
सिम्स में वैक्सीनेशन पूर्ण करने वाले कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह स्वरूप बैच प्रदान कर सम्मानित किया जा रहा है, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित होकर टीकाकरण कराएं और स्वयं को सुरक्षित रखें। इस अवसर पर नर्सिंग सुपरिटेंडेंट श्रीमती स्वाति कुमार एवं श्रीमती उज्वला दास द्वारा सिम्स के अधिष्ठाता एवं नोडल अधिकारियों को बैच लगाकर अभियान को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती सरिता बहादुर, श्रीमती ग्रेसी ममता, श्रीमती पुष्पलता शर्मा, कुमारी भारती खरे सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। समय पर टीकाकरण, सुरक्षित चिकित्सा पद्धतियों का पालन तथा स्वच्छता के प्रति सतर्कता अपनाकर इस बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि सिम्स का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को रोगों की रोकथाम के प्रति भी जागरूक करना है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों के लिए हेपेटाइटिस बी वैक्सीन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित इंजेक्शन का उपयोग, डिस्पोजेबल सिरिंज का प्रयोग, संक्रमित रक्त से बचाव तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का उपयोग संक्रमण रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सिम्स के नोडल अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र कश्यप ने कहा कि संस्थान में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक कर्मचारी और विद्यार्थी इस बीमारी की गंभीरता को समझे और समय पर वैक्सीनेशन कराकर स्वयं को सुरक्षित रखे। उन्होंने कहा कि पूर्ण वैक्सीनेशन के बाद बैच प्रदान करने की पहल लोगों में सकारात्मक संदेश दे रही है तथा बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
सिम्स प्रबंधन की यह पहल स्वास्थ्य सुरक्षा, जागरूकता और रोगों की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो समाज में भी सकारात्मक स्वास्थ्य संदेश प्रसारित कर रही है।

