पुलिस के शिकायत निवारण शिविर में एक ही दिन में 60 मामलों का हुआ त्वरित निराकरण…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर आम जनता को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराने की दिशा में बिलासपुर पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए दिनांक 8 मई 2026 को बिलासगुड़ी चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

शिविर में कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका आवेदकों एवं अनावेदकों को सुनकर मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। प्राप्त शिकायतों में मुख्यतः जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर फ्रॉड एवं लेन-देन से संबंधित धोखाधड़ी के मामले शामिल रहे।

एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं प्रत्येक फरियादी से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला स्तर पर ऐसे शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना और लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है, ताकि फरियादियों को बार-बार थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा, “जनता की सेवा ही हमारा पहला धर्म है।” साथ ही यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस की इस जनहितकारी पहल की उपस्थित फरियादियों एवं नागरिकों ने खुलकर सराहना की।

शिविर में प्रमुख रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) रश्मित कौर चावला, सीएसपी कोतवाली, सीएसपी सिविल लाइन, डीएसपी आजाक सहित जिले के सभी एसडीओपी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

