राजस्थान से दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस-ईडी-सुप्रीम कोर्ट का डर दिखाकर महिला को बनाया शिकार 50 लाख और मांगने पर हुआ खुलासा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक महिला से 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान के चुरू जिले से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिला को आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का भय दिखाया था।
मामले में थाना रेंज साइबर बिलासपुर में धारा 318(4), 308(6), 3(5) बीएनएस एवं 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता के पुत्र ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी माता के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने स्वयं को संजय PSI बताया। आरोपियों ने महिला को कहा कि उनका नाम एक आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में सामने आया है तथा उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए महिला को घंटों तक कथित डिजिटल अरेस्ट
में रखा गया।
आरोपियों ने महिला को लगातार पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का भय दिखाते हुए मानसिक दबाव बनाया। यहां तक कि परिवार से संपर्क करने पर बेटे और अन्य परिजनों को भी मामले में फंसाने की धमकी दी गई। भरोसा दिलाने के लिए महिला को फर्जी सरकारी नोटिस, ईडी जांच दस्तावेज, सुप्रीम कोर्ट के आदेश और आरबीआई के नोटिस भी भेजे गए।
डर और मानसिक प्रताड़ना के चलते महिला आरोपियों के झांसे में आ गई और अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करती रही। आरोपियों ने विभिन्न तिथियों में महिला से कुल 1,04,80,000 रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी केस खत्म कराने के नाम पर 50 लाख रुपये और मांगे जाने लगे। तब महिला ने पूरी बात अपने बेटे को बताई, जिसके बाद तत्काल साइबर थाना बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई गई।
प्रकरण दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर की गई थी। बैंकिंग ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के चुरू जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रूपेन्द्र सिंह पिता संपत सिंह उम्र 21 वर्ष तथा विशाल सिंह पिता जीवराज सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम पोती, थाना रतननगर, जिला चुरू (राजस्थान) शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे तथा ठगी की रकम निकालकर अन्य लोगों तक पहुंचाई। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन एवं अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया है। साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रेल की विस्तृत जांच जारी है।
पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक गोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं नोडल अधिकारी गगन कुमार के निर्देशन में रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम द्वारा की गई।

