बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] प्रतिवर्ष 12 मई को पूरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर में भी नर्सिंग स्टाफ के सम्मान में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिम्स परिवार के अधिकारी, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अधिष्ठाता डॉ. रमनेश मूर्ति, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह, सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र कश्यप, एएनएस स्वाति कुमार, उज्ज्वला दास, सरिता सिस्टर सहित समस्त नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात आधुनिक नर्सिंग सेवा की प्रेरणास्रोत फ्लोरेंस नाइटिंगेल की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात सभी नर्सिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मोमबत्ती जलाकर सेवा, समर्पण और मानवता की रक्षा की शपथ ग्रहण की।
अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग सेवा चिकित्सा व्यवस्था की रीढ़ है। नर्सें मरीजों की सेवा में दिन-रात समर्पित रहती हैं और उनका त्याग, धैर्य एवं सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी नर्सिंग स्टाफ को अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि किसी भी अस्पताल की सफलता में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने नर्सेज को अस्पताल की “रीढ़” बताते हुए कहा कि मरीजों की देखभाल और उपचार प्रक्रिया में उनका योगदान अतुलनीय है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र कश्यप ने भी नर्सिंग स्टाफ के समर्पण और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता ही स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाती है।
इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें डांस, गीत-संगीत एवं रैंप वॉक जैसे आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।

कार्यक्रम में राजकुमारी सिस्टर, पिंकी दास, पुष्पलता शर्मा, नेहा विकास उड़ान, पल्लवी, दीपिका यादव, संदीप कौर सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का मंच संचालन नेहा विकास उड़ान द्वारा किया गया।
यह आयोजन प्रतिवर्ष नर्सेज आयोजन समिति द्वारा किया जाता है, जिसमें नर्सिंग स्टाफ की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके योगदान को सम्मानित किया जाता है।

