रेलवे स्टेशन के पास करोड़ों के नेटवर्क की डीलिंग नेटवर्क का पर्दाफाश 5 तस्कर गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए पंजाब से संचालित हो रहे अंतरराज्यीय हेरोइन नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक कार में हो रही गुप्त डीलिंग पर दबिश देकर पुलिस ने 97.63 ग्राम हेरोइन के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो तस्कर पंजाब के अमृतसर निवासी हैं, जबकि तीन खरीददार मुंगेली जिले के बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा एक अल्टो कार, स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और 57 हजार 800 रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 5 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है।

रेलवे स्टेशन के पास चल रही थी ‘ड्रग डील’, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
तोरवा थाना क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक अल्टो कार क्रमांक CG 22 AB 5247 में कुछ लोग हेरोइन की सप्लाई के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और निरीक्षक नीलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार की तलाशी ली।
जांच के दौरान कार में रखे बैग से एक बोतल के भीतर छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि नशीले पदार्थ की खेप पंजाब के अमृतसर से बिलासपुर लाई गई थी, जहां से इसे मुंगेली सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।

अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा, पंजाब से जुड़े तार पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र सिंह रंधावा निवासी हदैतपुर भिलोवाल, थाना कत्थुनगर, अमृतसर और जगदीप सिंह निवासी सुल्तानपिंड, थाना पट्टीलोन, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई। दोनों आरोपी हेरोइन की सप्लाई के लिए बिलासपुर पहुंचे थे।
वहीं मौके पर मौजूद शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक निवासी मुंगेली को खरीददार बताया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस की सतर्क निगरानी से टूटा नशे का बड़ा जाल पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाहरी राज्यों से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार हेरोइन सप्लाई की सूचना मिल रही थी। इसके बाद बिलासपुर पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों और बाहरी व्यक्तियों पर विशेष निगरानी शुरू की थी। इसी रणनीति के तहत यह बड़ी सफलता हाथ लगी।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई में इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश पांडेय, उपनिरीक्षक कमलनारायण शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, आरक्षक अजय शर्मा, सत्येंद्र सिंह, संदीप शर्मा, मुपेंद्र सिंह, अखिलेश राय और विवेक राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

