CSP निमितेष सिंह की तकनीकी कुशलता से चक्करभाटा पुलिस को मिली सफलता…आरोपी गिरफ्तार…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर थाना चकरभाठा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कड़ार में एक युवती पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवती पर धारदार चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया था। मामले में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार चाकू भी बरामद किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) निमितेष सिंह के निर्देशन एवं थाना चकरभाठा पुलिस की सक्रियता से आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी भरत वर्मा (27 वर्ष), निवासी ग्राम कड़ार थाना चकरभाठा, का युवती से पूर्व में प्रेम संबंध था। वर्ष 2025 में आरोपी के विवाह के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। इसके बाद आरोपी अक्सर युवती से गाली-गलौज करता था।
16 मई 2026 को युवती अपने घर में मौजूद थी, तभी आरोपी घर में घुस आया और जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से युवती के पेट एवं हथेली पर हमला कर दिया। युवती के शोर मचाने पर उसके ससुर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट थाना चकरभाठा में दर्ज होते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू जप्त कर लिया है।

आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

