पत्थरबाजों को बिल्हा पुलिस ने दबोचा…! CCTV की कड़ी जांच से दो आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिल्हा पुलिस ने एक सनसनीखेज और चुनौतीपूर्ण मामले का खुलासा करते हुए अज्ञात पत्थरबाज आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 40 से 50 सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 की रात लगभग 1 बजे ग्राम झाल मेन रोड पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चलती गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंके गए थे। इस घटना में वाहन क्रमांक CG07CB0655 ट्रक, पीछे आ रही मेटाडोर एवं बरतोरी के आगे चल रही स्कॉर्पियो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। हादसे में माजदा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं स्कॉर्पियो में सवार दूल्हा और बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 216/2026 धारा 103(1), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की सूक्ष्मता से पड़ताल की और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पंकज कुमार ध्रुव निवासी धमतरी एवं मोहन निषाद निवासी बिल्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बारतूरी रोड में वाहनों पर ईंट और पत्थर फेंककर घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं ईंट-पत्थर बरामद कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, संतोष मरकाम एवं सुमन चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

