3 लाख 80 हजार नकद सहित 5 लग्जरी कारें भी हुई जब्त…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर कोटा पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए गतौरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान फड़ संचालक सहित 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 3 लाख 80 हजार रुपए नगद, 11 मोबाइल फोन और करीब 40 लाख रुपए कीमत की 5 चारपहिया वाहन जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, गतौरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में लंबे समय से बड़े स्तर पर जुआ खिलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। बताया जा रहा है कि शहर के रसूखदार लोग यहां रोजाना जुआ खेलने पहुंचते थे। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद कोटा पुलिस ने रणनीति बनाकर देर रात दबिश दी।

CSP सिविल लाइन और SDOP कोटा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फार्म हाउस में छापा मारा, जहां जुआरियों की महफिल सजी हुई थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि पहली बार फार्म हाउस के मालिक और फड़ संचालक मनीष शर्मा को भी आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी
रोशन सिंह (38 वर्ष), ओम नगर, थाना सिविल लाइन
मुन्ना गोयल, राजीव गांधी चौक, थाना सिविल लाइन
विकास सिंह, दीनदयाल कॉलोनी, मंगला
मनीष शर्मा (42 वर्ष), विद्यानगर, थाना तारबहार
नीरज शर्मा (42 वर्ष), विद्यानगर, थाना तारबहार
दीपक अग्रवाल (37 वर्ष), रामा लाइफ सिटी, सकरी
चंद्रकिशन अग्रवाल, तखतपुर, बिलासपुर
मयंक सोनकर (20 वर्ष), नया बस स्टैंड, तिफरा
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में संचालित अवैध जुआ नेटवर्क पर बड़ा संदेश गया है। मामले की जांच जारी है।

