बिलासपुर पुलिस ने 110 होटल संचालकों को सुरक्षा का दिया आधुनिक मंत्र…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर SSP रजनेश सिंह के कुशल नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस द्वारा शहर के होटल, लॉज एवं फार्महाउस संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें करीब 110 संचालकों को ‘समाधान ऐप’ के उपयोग और महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में एडिशनल एसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश परिहार एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से होटल में ठहरने वाले प्रत्येक आगंतुक की जानकारी बेहद आसान और त्वरित तरीके से पुलिस विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने में भी सहायता मिलेगी।
बैठक में होटल संचालकों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीयन प्रक्रिया और उपयोग की पूरी विधि समझाई गई। साथ ही निर्देशित किया गया कि होटल में ठहरने वाले हर व्यक्ति का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से सत्यापित कर उसकी जानकारी समयबद्ध तरीके से समाधान ऐप पर अपलोड की जाए।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर नियंत्रण रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। पुलिस प्रशासन ने सभी होटल, लॉज एवं फार्महाउस संचालकों से समाधान ऐप का नियमित उपयोग करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

पुलिस विभाग ने यह भी निर्देशित किया कि सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों के लिए समाधान ऐप डाउनलोड कर प्रत्येक अतिथि की जानकारी अपलोड करना अनिवार्य होगा।

